भिण्ड , मई 19 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग अंतर्गत रौन थाना क्षेत्र में प्लॉट निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान चली गोली लगने से एक राहगीर युवक घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलice सूत्रों के अनुसार कस्बा निवासी ऋषभ जैन ने हाल ही में एक प्लॉट खरीदा था, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। कल देर शाम निर्माण स्थल पर मिंकू राजावत पहुंचा और प्लॉट खरीदने को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

रौन थाना प्रभारी राजवीर गुर्जर ने बताया कि विवाद के दौरान मिंकू राजावत ने अवैध हथियार निकालकर उसमें कारतूस लोड कर लिया। इसी दौरान काशीपुरा निवासी विनय यादव वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने का प्रयास किया। तभी आरोपी ने अचानक फायर कर दिया। गोली विनय यादव के पैर की पिंडली में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भिण्ड जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित