भिण्ड , सितम्बर 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के कनावर गांव में शुक्रवार देर शाम गणपति विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में तीन युवक डूब गए। तीनों की उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक कनावर गांव में गणेश उत्सव चल रहा था। आज हवन-पूजन के बाद ग्रामीण गणेश मूर्ति लेकर क्वारी नदी पहुंचे थे। इसी दौरान युवाओं की टोली भी मूर्ति लेकर नदी पर पहुंची। विसर्जन के दौरान तीनों युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए और पानी में डूब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने युवकों को डूबते देखा तो शोर मचाया। इसके बाद तैरना जानने वाले ग्रामीण नदी में उतरे और उन्हें तलाशने की कोशिश की लेकिन तीनों नहीं मिले। ग्रामीणों के मुताबिक जिस जगह युवक पानी में उतरे थे वहां पानी गहरा था। हादसे के समय नदी किनारे पुलिस जवान या गोताखोर तैनात नहीं थे। तेज बहाव के कारण ग्रामीणों को भी नदी में उतरकर तलाश करने में परेशानी हुई। डूबने वालों की पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के रूप में हुई है। तीनों कनावर गांव के रहने वाले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही ऊमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य की जानकारी ली। नदी का बहाव तेज होने के कारण युवकों की तलाश में परेशानी आ रही है। पुलिस ने युवकों की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की बचाव टीम को बुलाया है। टीम के पहुंचने के बाद नदी में तलाश अभियाान शुरू किया जाएगा।
हादसे के बाद कनावर गांव में गणपति विसर्जन की खुशियां मातम में बदल गईं। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं। परिजन युवकों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित