भिण्ड , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र में खैरा गांव के मोड़ पर कार की टक्कर से मोटरसाइकल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार नेशनल हाईवे पर खैरा गांव के मोड़ के पास उत्तर प्रदेश पंजीयन क्रमांक यूपी-16 डीए-0998 की कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार 52 वर्षीय मायाराम सिंह, निवासी ग्राम चोरई थाना असवार, गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि वह भिण्ड की ओर से आ रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आई कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस की सहायता से घायल मायाराम सिंह को जिला अस्पताल भिण्ड ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि क्षतिग्रस्त कार घटनास्थल पर ही छोड़ गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

ऊमरी थाना पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। कार के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना का प्रकरण दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित