भिण्ड , अक्टूबर 27 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के आलमपुर में पुलिस ने 26 अक्टूबर की रात एक पिकअप वाहन से एनपीके खाद की 100 बोरियां जब्त कीं। खाद गांव-गांव जाकर किसानों को बेचने के लिए ले जाई जा रही थी। चालक परिवहन संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने डबरा निवासी रिंकू शर्मा और निशांत अग्रवाल के नाम बताए, जिसके बाद मामले की जांच डबरा और दतिया जिले के गोराघाट तक पहुंच गई।
पुलिस की सूचना पर गोराघाट में 3,000 और डबरा में 600 बोरी खाद जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन बोरियों का आलमपुर में जब्त खाद से संबंध होने की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। खाद की गुणवत्ता की रिपोर्ट भी आना बाकी है। जब्त खाद के नकली होने की आशंका जताई गई है।
आलमपुर पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान गैथरी माता के पास सूचना मिली कि रतनपुरा की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप में संदिग्ध खाद भरी हुई है। पुलिस ने वाहन रोककर तलाशी ली तो उसमें एनपीके खाद की 100 बोरियां मिलीं। बोरियों पर प्रधानमंत्री भारतीय जन उर्वरक परियोजना के तहत 'भारत एनपीके' लिखा था। चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने खाद और पिकअप जब्त कर ली है। खाद कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति में कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित