भिण्ड , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के ग्राम लिलवारी में खनिज विभाग ने अवैध रेत के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 70 घनमीटर रेत का मौके पर ही विनिष्टीकरण कराया।

खनिज विभाग की टीम को लिलवारी में खदान के पास रेत के अवैध भंडारण के ढेर मिले थे। जांच के बाद विभाग ने रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कराया, ताकि उसका दोबारा अवैध रूप से उपयोग अथवा परिवहन नहीं किया जा सके। बताया गया है कि रेत को अवैध रूप से जमा कर बेचने या परिवहन करने की तैयारी की जा रही थी।

जिले में अवैध रेत के उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग अब अवैध परिवहन करने वाले वाहनों के साथ ही भंडारण स्थलों पर भी निगरानी रख रहा है।

यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देशन और खनिज शाखा के प्रभारी अधिकारी पंकज ध्वज मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रभारी खनिज निरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध भंडारण की जांच की और रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कराया।

खनिज विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अवैध रूप से खनिज का भंडारण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित