भिण्ड , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मेहगांव अनुभाग के गोरमी थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम सोनारपुरा (कुंदनपुरा) निवासी राहुल सिंह (20) और आकाश सिंह सिकरवार (22) किसी कार्य से मुरैना जिले के पोरसा क्षेत्र गए थे। देर रात दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी गोरमी के महदोली बंबा के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में आकाश सिंह के सिर में गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि राहुल सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

बताया गया है कि दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे, जिससे हादसा और गंभीर हो गया। पुलिस ने आज सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। गोरमी थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित