भिण्ड , जुलाई 07 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की बरोही थाना पुलिस ने चोरी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 11 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा चोरी में प्रयुक्त एक कार बरामद की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय दीपक तोमर के मार्गदर्शन में बरोही थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि बरोही थाना क्षेत्र में सितंबर 2025 में एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पांच जुलाई को दबोह-लावन मार्ग पर घेराबंदी कर एक मारुति एस-क्रॉस कार को रोककर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए अपने तीन अन्य साथियों के नाम बताए, जिसके बाद कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बरोही थाना क्षेत्र की तीन तथा भिण्ड देहात थाना क्षेत्र की तीन, कुल छह चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमकी, नथ, ओम लॉकेट सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त लगभग आठ लाख रुपये मूल्य की मारुति एस-क्रॉस कार जब्त की है। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित