भिण्ड , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद चौराहा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी अधीर राय निवासी रायगढ़, जिला नौरंगपुर, ओडिशा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार भी जब्त की है। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
मामला 9 जून 2024 का है। गोहद चौराहा थाना पुलिस भिण्ड-ग्वालियर हाईवे पर थाने के सामने वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक वाहन की तलाशी ली गई। वाहन में सवार आरोपियों के कब्जे से 82.174 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ था। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 168/24 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज किया था। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान सामने आए कुछ आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गोहद महेंद्र गौतम के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को अधीर राय को ओडिशा के रायगढ़, जिला नौरंगपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद घटना में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार भी जब्त की गई है। पुलिस अब मामले में फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित