भिण्ड , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिला अस्पताल परिसर में देर रात विवाद के बाद बदमाशों द्वारा कथित तौर पर अवैध हथियार से हवाई फायरिंग किए जाने से मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना के करीब एक घंटे बाद कलेक्टर पवन कुमार जैन भी अस्पताल पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ बदमाश अस्पताल की पार्किंग में पहुंचे और विवाद के दौरान हंगामा करते हुए हवाई फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से पार्किंग में मौजूद लोगों और एंबुलेंस का इंतजार कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं और अन्य मरीजों के बीच भी भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में एक संदिग्ध को थाने में बैठाकर पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने अस्पताल परिसर और पार्किंग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. आरके मिश्रा को सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर फटकार लगाई और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
स्थानीय स्तर पर जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में बाहरी वाहनों की पार्किंग के कारण बड़ी संख्या में चार पहिया वाहन खड़े रहते हैं। रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर भी चिंता जताई गई है। अस्पताल में पूर्व में गोली चलने की घटनाएं हो चुकी हैं और करीब चार वर्ष पहले आईसीयू वार्ड में एक नर्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ताजा घटना के बाद अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित