भिण्ड , जून 19 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद क्षेत्र में आज शुक्रवार को नेशनल हाईवे-719 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने डंपर चालक पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा और आर्थिक सहायता की मांग की।

जानकारी के अनुसार ग्राम शेरपुर निवासी मनोज कुशवाह 28 साल बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाराहेड पेड़ा क्षेत्र में गिल पैलेस के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज डंपर के पहियों के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से नाराज लोगों ने भिण्ड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।

प्रदर्शनकारियों ने डंपर चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार मनोज कुशवाह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी। परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे और दो बहनों की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी।

चक्काजाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को नियमानुसार कार्रवाई और शासन स्तर से हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। समाचार लिखे जाने तक मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी और जाम खुलवाने के प्रयास जारी थे। वहीं पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित