भिण्ड , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में उड़ीसा से गांजा लाकर सप्लाई करने वाले दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार बोरियों में रखा 138 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 28 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर के कुम्हरौआ क्षेत्र स्थित प्रज्ञा नगर में किराए के मकान में रह रहे दो युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर भिण्ड देहात थाना पुलिस, साइबर सेल और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक बैग में एक-एक किलो के पैकेट में भरा गांजा बरामद किया गया।
मौके से पुलिस ने आशुतोष बौहरे और अभिषेक पुरोहित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर भिण्ड में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस दोनों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रविंद्र वास्कले ने बताया कि आरोपी निजी कार से गांजा लाते थे और स्थानीय स्तर पर फुटकर तथा थोक दोनों रूप में इसकी बिक्री करते थे। इसके लिए उन्होंने एक चेन सिस्टम विकसित कर रखा था, जिसके जरिए मांग के अनुसार सप्लाई की जाती थी। कम आबादी वाले क्षेत्र में किराए का मकान लेकर आरोपी इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित