भिण्ड , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार नगर बायपास पर शनिवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों और घायल युवती की शिनाख्त हो गई है। मृतकों में 19 वर्षीय अभिषेक यादव निवासी जैतपुरा थाना असवार और राज यादव निवासी परासनी, थाना नदीगांव (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती 18 वर्षीय प्रिंसी यादव है जो मृतक राज यादव की सगी बहन है। वहीं मृतक अभिषेक यादव दोनों का मौसेरा भाई था। सभी सवार बाइक से दंदरौआ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे इस दौरान हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन किया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को एक निजी वाहन की मदद से तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों युवकों का परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में सिर में गंभीर चोट आने पर युवती को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। वहीं हादसे के बाद से ही स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित