भिण्ड , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की शुरुआती कहानी में बदलाव आया है। परिजन ने 15 जुलाई को शिकायत की थी कि भाटनताल कॉम्प्लेक्स के पास से कोचिंग जा रही उनकी 13 साल की बेटी को अज्ञात लोगों ने जबरन लाल रंग की कार से अगवा कर लिया था। हालांकि पुलिस की जांच और पीड़िता के बयानों से स्पष्ट हुआ कि घटना में लाल कार का उपयोग नहीं किया गया था।

पुलिस ने पाया कि अपहरण की बात गलत थी। जांच में सामने आया कि नाबालिग लड़की खुद आरोपियों के साथ एक ई-रिक्शा में बैठकर गई थी। पीड़िता ने बयान में बताया कि वह दोस्त के साथ ई-रिक्शा में बैठकर महाराणा प्रताप नगर स्थित कमरे पर पहुंची थी।

पीड़िता के अनुसार इसी कमरे पर दो आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी शिव सिंह यादव ने बताया कि लड़की के बयान के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें वह खुद ई-रिक्शा में बैठकर महाराणा प्रताप चौराहे तक जाती दिखी। इस खुलासे के बाद लहार पुलिस ने आज दो आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित