भिण्ड , अगस्त 29 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के रावतपुरा थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में कल रात के समय दो लोगों के घर में घुसकर परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में 60 वर्षीय कल्लन देवी घायल हो गईं। परिवार का आरोप है कि उन्होंने गर्भवती बहू और चार साल की पोती को बचाने के लिए दोनों आरोपियों का सामना किया इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई और कान से सोने का टॉप्स निकाल लिया गया। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों ने एक आरोपी देवीसिंह चौहान को पकड़ लिया जबकि दूसरा आरोपी रीतेश चौहान मौके से भाग निकला।
खजुरी गांव निवासी लल्लूसिंह चौहान के परिवार के अनुसार, रात करीब 12 बजे लहार में मार्केटिंग सचिव रायसिंह चौहान का बेटा रीतेश चौहान और उसका चचेरा भाई देवीसिंह चौहान दीवार फांदकर घर में घुसे। परिवार का आरोप है कि दोनों किसी वारदात की नीयत से घर में आए थे। घर में घुसते ही दोनों ने लल्लूसिंह चौहान के 30 वर्षीय बेटे नीरज चौहान पर लाठी से हमला कर दिया। लाठी नीरज के पैर में लगी। हमले से बचने के लिए नीरज चारपाई की आड़ में हो गया। बेटे पर हमला होते देख नीरज की मां कल्लन देवी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले अपनी गर्भवती बहू शिल्पी और चार वर्षीय पोती पीहू को एक कमरे में सुरक्षित किया और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद वह दोनों आरोपियों के सामने खड़ी हो गईं। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने कल्लन देवी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान उनके कान में भी चोट आई। परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कान से सोने का टॉप्स भी निकाल लिया गया।
घर में शोर होने पर नीरज भी चारपाई के नीचे से बाहर आया और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान परिवार के लोगों ने देवीसिंह चौहान को पकड़ लिया। नीरज का आरोप है कि रीतेश ने इस दौरान अवैध हथियार से फायर करने का प्रयास किया लेकिन कारतूस मिस हो गया और हथियार में ही फंस गया। इसके बाद रीतेश छत के रास्ते भागने लगा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी जाग गए। परिवार का कहना है कि आरोपियों के साथ कुछ अन्य लोग भी आए थे जो घर के बाहर मौजूद थे। ग्रामीणों के जागने पर वे भी मौके से भाग गए।
घटना के बाद नीरज और उसके परिवार ने पकड़े गए देवीसिंह और उसकी बाइक को अपने कब्जे में रखा और डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही एफआरवी मौके पर पहुंची। इसके बाद रावतपुरा थाना पुलिस भी वहां पहुंची और देवीसिंह को थाने ले गई। परिवार के अनुसार, पुलिस ने पकड़े गए देवीसिंह के खिलाफ 151 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की। रावतपुरा थाना पुलिस ने कल्लन देवी की शिकायत पर रीतेश चौहान और देवीसिंह चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित