भिण्ड , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल गुरुवार को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम पहुंचे। उन्होंने डॉ. हनुमान जी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की तरक्की, खुशहाली तथा नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूर्व सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अनूप मिश्रा भी उनके साथ मौजूद रहे।

मंदिर में पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई। प्रभारी मंत्री पटेल ने दंदरौआ धाम के महंत रामदास महाराज और कथावाचक रमेश भाई ओझा से भेंट कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास और जनकल्याण की कामना की।

इसके बाद प्रभारी मंत्री भिण्ड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के निवास पर पहुंचे और उनके पुत्र स्वर्गीय पुष्पेंद्र सिंह के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इससे पहले पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी विधायक कुशवाह के निवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त कर चुके थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित