बड़वानी , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की सिलावद थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भिण्ड जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिण्ड जिले के अमायन थाना क्षेत्र के ग्राम खिरोली निवासी विपेन्द्र सिंह (24) तथा लहार थाना क्षेत्र के ग्राम रहावली निवासी अंकुश सिंह (23) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति इंदौर की ओर से पलसूद क्षेत्र में अवैध हथियार खरीदकर मोटरसाइकिल से सिलावद मार्ग होते हुए लौटने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम हिरकराय के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से छह देशी .32 बोर पिस्टल तथा छह देशी 12 बोर कट्टे बरामद किए गए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग दो लाख रुपये बताया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये हथियार पलसूद थाना क्षेत्र के उण्डी खोदरी निवासी कृष्णा सिकलीगर से खरीदे थे और इन्हें भिण्ड निवासी बबलू ठाकुर तक पहुंचाने जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आईसीजेएस रिकॉर्ड में विपेन्द्र सिंह के विरुद्ध ग्वालियर में आर्म्स एक्ट का एक प्रकरण दर्ज है, जबकि अंकुश सिंह के विरुद्ध ग्वालियर एवं भिण्ड जिले में आर्म्स एक्ट, हत्या तथा हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में कथित हथियार सप्लायर कृष्णा सिकलीगर, बबलू ठाकुर तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित