भिण्ड , सितम्बर 22 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड में बुढ़वा मंगल पर आज मंगलवार को दंदरौआ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रात 12 बजे मंगला आरती के साथ मंदिर के पट खुले तो दर्शन के लिए कतारें लगनी शुरू हो गईं। दोपहर एक बजे तक करीब 5 लाख श्रद्धालु हनुमानजी के दर्शन कर चुके थे। मंदिर परिसर से लेकर पहुंच मार्ग तक लंबी कतारें नजर आईं। भीड़ बढ़ने के कारण कुछ रास्तों पर यातायात धीमा हुआ और श्रद्धालुओं को जाम का सामना करना पड़ा।

मंदिर प्रबंधन का अनुमान है कि बुढ़वा मंगल के 24 घंटे में करीब 10 लाख श्रद्धालु दंदरौआ धाम पहुंच सकते हैं। सोमवार रात से ही धाम की ओर जाने वाले रास्तों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। आसपास के गांव-कस्बों से कई श्रद्धालु पैदल पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से भी आए। सुबह होते-होते दर्शन की कतारें कई हिस्सों में लंबी हो गईं। श्रद्धालुओं को अपनी बारी के लिए करीब 2 से 3 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर परिसर में जिकजैक रेलिंग लगाई गई है और गर्भगृह तक पहुंचने के लिए पांच कतारें बनाई गई हैं।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार हर कतार में प्रति मिनट 100 से ज्यादा श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। इस तरह करीब 500 श्रद्धालु हर मिनट दर्शन कर रहे हैं। गर्भगृह के आसपास भीड़ नियंत्रित करने के लिए 30 से 40 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। प्रवेश और निकासी के रास्ते अलग रखे गए हैं। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़े स्तर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। एसपी सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में 700 से ज्यादा पुलिस जवान दंदरौआ धाम और आसपास के रास्तों पर तैनात हैं।

पुलिसकर्मी मंदिर परिसर, पार्किंग, प्रमुख चौराहों और पहुंच मार्गों पर नजर रख रहे हैं। भीड़ बढ़ने पर वाहनों को अलग-अलग जगह रोककर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा रहा है। धाम से करीब 1 से 1.5 किलोमीटर के दायरे में पांच पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। यहां वाहन खड़े कराने के बाद श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक भेजा जा रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरियर भी लगाए गए हैं। सुबह के समय भीड़ बढ़ने से कुछ मार्गों पर जाम की स्थिति बनी।

दंदरौआ धाम में भिण्ड के अलावा ग्वालियर, मुरैना, दतिया, इटावा, जालौन, झांसी, कानपुर, ललितपुर, औरैया और आगरा सहित कई जिलों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। दिल्ली और मुंबई सहित दूसरे राज्यों से भी लोगों के पहुंचने की जानकारी है।

कल शाम से ही मेहगांव और अमायन मार्ग पर पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी थी। रात 12 बजे मंगला आरती के बाद मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। हनुमानजी को छप्पन भोग लगाया गया और रुद्राभिषेक किया गया। फूल बंगला सजाया गया है। मंदिर परिसर में संकीर्तन, राम नाम जाप और रामचरितमानस का पाठ चल रहा है।

दंदरौआ धाम आने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की गई है। मेहगांव और अमायन मार्ग पर 100 से ज्यादा स्थानों पर प्रसादी वितरण के स्टॉल लगाए गए हैं। पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह विश्राम स्थल भी बनाए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित