भिण्ड , फरवरी 17 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 20 में सफाई व्यवस्था ठप होने से नाराज महिला पार्षद के पति ने आज सुबह स्वयं झाड़ू लगाकर विरोध दर्ज कराया। वार्ड में पिछले 15 दिनों से न तो नियमित झाड़ू लग रही है और न ही कचरा उठाने वाली गाड़ी पहुंच रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
वार्ड क्रमांक 20 की पार्षद सुलेखा विनोद दूरवार के पति विनोद दूरवार ने वार्डवासियों के साथ सड़क पर उतरकर लगभग एक घंटे तक सफाई की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है।
विनोद दूरवार ने आरोप लगाया कि जब कोई वार्डवासी सफाई कर्मचारियों से चर्चा करता है तो उन्हें अभद्र भाषा में जवाब दिया जाता है। उनका कहना है कि सफाई ठेकेदार द्वारा यह तक कहा जाता है कि वे किसी के नौकर नहीं हैं और सफाई तय समय-सारणी के अनुसार ही होगी। ऐसे व्यवहार से वार्डवासी आहत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बताया गया है कि करीब 15 दिन पूर्व पार्षद यश जैन ने भी सफाई ठेकेदार की शिकायत कलेक्टर से की थी। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे, किंतु जमीनी स्तर पर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। वार्ड की नालियां और नाले गंदगी से भरे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित