भिण्ड , सितम्बर 27 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के आलमपुर क्षेत्र के आरुषि गांव में शनिवार को रिमझिम बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में मकान के मलबे में दबकर चार बकरियों की मौत हो गई तथा 15 वर्षीय किशोर घायल हो गया। परिजन ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां से हालत को देखते हुए दतिया रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार आरुषि गांव निवासी कैलाश कुशवाह का मकान पूरी तरह कच्चा है। पिछले कुछ समय से हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। कल बारिश के दौरान अचानक मकान की एक दीवार भरभराकर गिर गई। उस समय परिवार के लोग घर में मौजूद थे। हादसे के दौरान कैलाश कुशवाह का 15 वर्षीय बेटा गोलू कुशवाह भी मकान के अंदर सो रहा था। दीवार गिरने से वह मलबे की चपेट में आकर घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दतिया रेफर कर दिया गया।
मकान के कच्चे हिस्से में बंधी चार बकरियां भी दीवार के मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन चारों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ रहने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित