भिण्ड , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड की नर्सिंग ऑफिसर स्नेहलता का शव चार दिन बाद भी पचनदा में नहीं मिला है। भिण्ड पुलिस उत्तर प्रदेश के इटावा और जालौन पुलिस के साथ गोताखोरों तथा मछुआरों की मदद से नदी और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चला रही है। पुलिस ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों से भी संपर्क किया है।

पुलिस के अनुसार, बिहार निवासी स्नेहलता सत्यप्रकाश उर्फ बादशाह जाटव के साथ मंदिर में विवाह करने के बाद लिव-इन में रह रही थी। दोनों का 10 माह का बेटा है। आरोप है कि आठ अक्टूबर को सत्यप्रकाश उसे कॉलेज के प्रचार-प्रसार के लिए कानपुर जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। रास्ते में गला दबाकर उसकी हत्या करने और शव पचनदा में फेंकने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

स्नेहलता के पिता संजय पांडेय ने अपने नाती की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। इसके बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया। समिति बच्चे के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखकर तय करेगी कि उसे किसके संरक्षण में रखा जाए।

भिण्ड नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के अनुसार, मामले में चार आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें सत्यप्रकाश और उसका दोस्त राजवीर खन्ना शामिल हैं। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को यमुना नदी में मिले एक महिला के शव की भी जांच की थी, लेकिन वह स्नेहलता का नहीं था। पुलिस का कहना है कि शव की तलाश के लिए अभियान अगले तीन दिन तक जारी रखने की तैयारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित