भिण्ड , सितम्बर 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के पांडरी गांव में भैंस को क्वारी नदी से निकालने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मोर्चा संभालते हुए करीब पांच किलोमीटर नदी क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। तेज बहाव के कारण बचाव टीम को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक अक्षय प्रताप सिंह राजावत गुरुवार को गांव से भैंसों को चराने खेतों की ओर ले गए थे। शाम को भैंसों को लेकर वापस लौटते समय एक भैंस क्वारी नदी में चली गई और तेज बहाव में बहने लगी। भैंस को बचाने के लिए अक्षय भी नदी में उतर गए। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहते हुए गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद चरवाहों और ग्रामीणों के मुताबिक युवक कुछ दूरी तक पानी में बहता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वह पानी में डूब गया और उसका कोई पता नहीं चला।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण नदी किनारे एकत्रित हो गए और अपने स्तर पर युवक की तलाश शुरू की। बाद में ऊमरी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और बचाव टीम ने करीब दो घंटे तक नदी में युवक की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

कल सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा तलााश अभियान शुरू किया। टीम करीब पांच किलोमीटर के नदी क्षेत्र में पानी के अंदर और नदी के किनारों पर युवक की तलाश कर रही है। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को दिक्कत आ रही है। इसके बावजूद टीम लगातार युवक की खोज में जुटी हुई है। फिलहाल अक्षय प्रताप सिंह का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजन और ग्रामीण नदी किनारे मौजूद हैं और युवक के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

ऊमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने आज यहां बताया कि युवक की तलाश की जा रही है। एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में तलाश अभियान चला रही है। युवक के संबंध में कोई जानकारी मिलते ही अवगत कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित