भिण्ड , सितम्बर 27 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड के ऊमरी थाना क्षेत्र के कनावर गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में बहे तीन किशोरों अभिजीत भदौरिया, कृष्णा भदौरिया और मदन भदौरिया के शव करीब 18 से 20 घंटे चले बचाव अभियान के बाद बरामद कर लिए गए।

शुक्रवार शाम से शनिवार रात तक दो बचाव दलों ने बोटिंग के साथ नदी के अंदर लगातार तलाश की लेकिन युवकों का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया। इस दौरान दो शव नदी में पुल के पास मिले, जबकि तीसरा शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी के अंदर बरामद हुआ। तीनों की उम्र करीब 16-17 उम्र थी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिण्ड भेज दिया है। हादसे के बाद कनावर गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे कनावर गांव के कान्हा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया सहित गांव के करीब 10 से 12 लोग गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए क्वारी नदी पहुंचे थे। प्रशासन ने नदी किनारे प्रतिमा विसर्जन के लिए अलग से कुंड बनाया था लेकिन श्रद्धालु नदी के दूसरे हिस्से में जाकर प्रतिमा विसर्जित करने लगे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर एक के बाद एक तीन युवक बह गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शुक्रवार शाम करीब दो घंटे तक नदी में तलाश अभियान चलाया। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 8 बजे से शाम 7 बजे तक दो रेस्क्यू दलों ने बोटिंग के साथ नदी के अंदर भी तलाशी ली। नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शनिवार देर शाम तक तलाश के बावजूद तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

आज सुबह बचाव दल एक बार फिर क्वारी नदी पर पहुंचा और तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद नदी में पुल के पास दो युवकों के शव मिले। इसके बाद तीसरे युवक की तलाश तेज कर दी गई। रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी के अंदर तीसरे युवक का शव भी बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिण्ड भेज दिया है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। हादसे के बाद से कनावर गांव में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित