भिण्ड , अक्टूवर 18 -- मध्यप्रदेष के भिण्ड में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने वालों को यातायात पुलिस ने शनिवार को अलग अंदाज में जागरूक किया। लहार चुंगी चौराहे पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने खुद वाहन चालकों को हेलमेट पहनाए और सुरक्षित सफर का संदेश दिया। भारतीय स्टेट बैंक की भिण्ड शाखा के सहयोग से हुई इस पहल का उद्देश्य चालान की कार्रवाई से आगे बढ़कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
पुलिस ने वाहन चालकों को समझाया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना सिर्फ यातायात नियम का पालन नहीं, बल्कि जान बचाने का जरूरी उपाय है। सड़क दुर्घटना में सिर पर लगी चोट जानलेवा हो सकती है। हेलमेट ऐसी चोटों के खतरे को कम करने में मदद करता है। इसलिए चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए।
लहार चुंगी चौराहे पर भिण्ड पुलिस अधीक्षक ने चालकों को हेलमेट वितरित करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने लोगों को समझाया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है और सुरक्षित सफर के लिए वाहन चलाने से पहले हेलमेट पहनने की आदत जरूरी है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत, अटेर एसडीओपी रविंद्र वास्कले, एसबीआई शाखा प्रबंधक मुबारक अली अंसारी, उप शाखा प्रबंधक अलक्षेन्द्र प्रताप सिंह, रक्षित निरीक्षक अरविंद सिकरवार, जिला यातायात प्रभारी राघवेंद्र भार्गव, यातायात निरीक्षक इंद्रपाल सिंह राठौर, भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत और कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित