वाराणसी , सितंबर 30 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) में हिंदी माह-2026 के तहत बुधवार को मुख्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संस्थान के निदेशक आचार्य अमित पात्रा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर निदेशक ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम और स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में हिंदी माह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।

मुख्य अतिथि श्री हरिवंश जी ने 'हिंदी : समाचार पत्र के पृष्ठ से संसद के गलियारे तक' विषय पर विशेष संबोधन में हिंदी पत्रकारिता की ऐतिहासिक भूमिका, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय भाषाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को जागरूक करना, सरल भाषा में महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देना और राष्ट्र निर्माण में योगदान करना है।

उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के प्रारंभिक दौर का उल्लेख करते हुए 'उदंत मार्तंड' और भारतेंदु हरिश्चंद्र के योगदान को रेखांकित किया। गणेश शंकर विद्यार्थी और महात्मा गांधी के पत्रकारिता संबंधी आदर्शों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में निर्भीकता, निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों का विशेष महत्व है।

श्री हरिवंश ने साहित्य को समाज की चेतना, विचार और संवेदनशीलता को परिष्कृत करने का माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को साहित्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आर्थिक आत्मनिर्भरता, ऊर्जा सुरक्षा और स्वदेशी क्षमताओं के विकास जैसे विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका पर भी बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित