शहडोल , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश में शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के मुर्गा-महरोई गांव में एक चरवाहे किसान का शव जंगल के रास्ते में मिलने के बाद वन विभाग ने प्रारंभिक तौर पर उसकी मृत्यु भालू के हमले में होने की आशंका जताई है।
पुलिस एवं वन विभाग के सूत्रों के अनुसार मुर्गा-महरोई गांव निवासी दुर्गेश सिंह (52) गुरुवार सुबह घरेलू पशुओं को चराने जंगल की ओर गए थे। शाम तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। आज शुक्रवार सुबह गांव के समीप जंगल के रास्ते में उनका शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने शव पर मिले गहरे घावों के आधार पर प्रारंभिक तौर पर भालू के हमले में मृत्यु होने की आशंका व्यक्त की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस और वन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित