भागलपुर, सितंबर 21 -- िहार में भागलपुर जिले के बाथ थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार की संध्या भारी मात्रा में कोरेक्स सिरप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने यहां बताया कि इस थाना क्षेत्र के असरगंज -शाहकुंड मार्ग पर नयागांव पुलिया के रास्ते अवैध मादक पदार्थों के परिवहन होने की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि -व्यवस्था) एवं बाथ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने उक्त मार्ग पर विशेष वाहन तलाशी अभियान चलाया।उन्होंने बताया कि इस दौरान एक पिकअप वाहन का चालक पुलिस बल को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी के क्रम में 6 हजार 480 बोतल कोरेक्स सिरप बरामद किया गया।
श्री यादव ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान संतोष कुमार के रुप में हुई है। वह जमुई जिले के सोनो क्षेत्र के भिठरा गांव का रहने वाला है। संतोष कुमार से कड़ी पूछताछ करने के बाद उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं मे प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित