नयी दिल्ली , नवंबर 01 -- इंडिया गठबंधन का 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली के लिए पहले मिंटो रोड से रैली स्थल रामलीला मैदान तक पदयात्रा का कार्यक्रम था लेकिन भारी भीड़ को देखते हुए गठबंधन के 23 दलों के प्रमुख नेताओं को खुले वाहनों में रैली के रूप में आगे बढ़ने को मजबूर होना पड़ा और करीब एक किलोमीटर की दूरी तय करने में उन्हें डेढ़ घंटे लग गये।
रैली में शामिल होने से पहले कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं का कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर जमावड़ा लग गया था। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद) की सुप्रिया सुले, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी और कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता एक ही बस में सवार होकर रैली के लिए निकले। बस में श्री गांधी सबसे आगे बैठे हुए थे।
विपक्षी नेता खुली गाड़ियों में काफिले के साथ मिंटो रोड पहुंचे। कार्यक्रम के अनुसार मिंटो रोड से श्री गांधी, श्री यादव सहित प्रमुख नेताओं को रैली के रूप में पदयात्रा करते हुए रैली स्थल रामलीला मैदान तक पहुंचना था लेकिन भीड़ लोगों का हुज़ूम मिंटो रोड से लेकर रैली स्थल तक उमड़ा था इसलिए खुले वाहनों के जरिए इन नेताओं को धीरे- धीरे भीड़ के साथ रैली स्थल तक पहुंचने को मजबूर होना पड़ा।
विपक्षी नेता काफिले के साथ बड़ी संख्या में उमड़े कार्यकर्ता और समर्थकों के साथ अत्यंत धीरे चलते खुले वाहनों में आगे बढ़ते रहे। भीड़ इतनी अधिक थी कि वाहनों की गति बेहद धीमी रही और एक किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया।
मार्च के पूरे रास्ते में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टियों और गठबंधन के अन्य घटक दलों के झंडे लहराते रहे। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग श्री गांधी, श्री खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव सहित अन्य नेताओं की झलक पाने को उत्सुक दिखाई दिये। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह था। सुरक्षा कर्मी भीड़ को नेताओं के वाहनों से दूरी बनाये रखने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित