जगदलपुर , सितंबर 25 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने और निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका के बीच प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। खराब मौसम का असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम मार्ग की दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि जगदलपुर-हैदराबाद रूट की फ्लाइट भी निरस्त कर दी गई है।

बुधवार रात से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते इंद्रावती नदी के साथ ही आसपास के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। संभावित बाढ़ और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी ने 25 सितंबर को बस्तर जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इस दिन प्रस्तावित त्रैमासिक परीक्षा के संबंध में अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। जिले में 24 सितंबर को भी स्कूल बंद रहे थे।

लगातार बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। रायगढ़ मंडल के एमवीजी - सीटीएस स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने के कारण 25 सितंबर को किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर चलने वाली 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।

खराब मौसम के कारण जगदलपुर से हैदराबाद रूट पर संचालित होने वाली फ्लाइट भी रद्द की गई है। लगातार बारिश के चलते विमान के लैंड और टेकऑफ में दिक्कत की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित