हरिद्वार , अगस्त, 10 -- उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। हरकी पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ जुट रही है। सोमवार को भारी बारिश के बीच भी डाक कांवड़ियों का उत्साह और आस्था देखते ही बनी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को भारी बारिश के बीच जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर शंकराचार्य चौक सहित कांवड़ यात्रा क्षेत्र का निरीक्षण किया और डाक कांवड़ियों के लिए की गई सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस, सुरक्षा बलों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि डाक कांवड़ के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक कांवड़ यात्री की यात्रा सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और सुरक्षा बलों को निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
भारी बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर जिलाधिकारी ने डाक कांवड़ियों से भी गंगा घाटों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित