ऋषिकेश , जुलाई 20 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने और गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के मद्देनजर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), जल पुलिस एवं आपदा राहत दल ने सोमवार को मुनि की रेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र के प्रमुख घाटों पर संयुक्त जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से तत्काल घाट खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई।
संयुक्त टीमों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी का बहाव अत्यधिक तेज और खतरनाक हो गया है, जिससे घाटों पर रुकना या नदी के निकट जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है।
एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल के जवानों ने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने, नदी के किनारे जाने से बचने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम अथवा आपदा राहत दल को सूचना देने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और राहत एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक चेतावनियों और निर्देशों का ही पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित