पौड़ी गढ़वाल,09अप्रेल(वार्ता) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा जो 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही है, के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विषम मौसम परिस्थितियों के बावजूद भी प्रशासन की विभिन्न टीमें धाम क्षेत्र एवं पैदल यात्रा मार्ग को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।
विगत तीन-चार दिनों से केदारनाथ धाम क्षेत्र में हो रही भारी बर्फबारी के कारण जहां एक ओर परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की टीमें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यों का निष्पादन कर रही हैं। कठिन हालात के बावजूद भी तैयारियों की गति में कोई कमी नहीं आने दी जा रही है।
वहीं अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हालिया बर्फबारी के चलते धाम क्षेत्र एवं यात्रा मार्ग में 4 से 5 फीट तक बर्फ जम चुकी है। इसके बावजूद टीमों द्वारा निरंतर प्रयास करते हुए पूर्व में लिनचोली से केदारनाथ धाम तक लगभग 4 से 5 फीट चौड़ाई में पैदल मार्ग को सुचारु किया गया था।
साथ ही उन्होंने बताया कि मौसम सामान्य होते ही प्रशासन की टीमों ने बिना समय गंवाए पुनः बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। धाम क्षेत्र में हेलीपैड, रुद्र पॉइंट से संगम सेतु तक मशीनों एवं मैनपॉवर के माध्यम से तेजी से बर्फ हटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित