मुंबई , मार्च 19 -- अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रिपो दरों को स्थिर रखने के फैसले के बाद गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट रही।
विदेश से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच बीएसई का सेंसेक्स 1,953.21 अंक की गिरावट में 74,750.92 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 1,722.90 अंक (2.25 प्रतिशत) नीचे 74,981.23 अंक पर था।
बाजार में चौतरफा गिरावट रही और सभी सेक्टरों के सूचकांक नीचे चल रहे हैं। ऑटो, वित्त, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट में हैं। आईटी, एफएमसीजी, धातु, फार्मा, स्वास्थ्य और तेल एवं गैस समूहों में भी भारी बिकवाली देखी जा रही है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 580.05 अंक टूटकर 23,197.75 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 517.15 अंक यानी 2.17 फीसदी की गिरावट में 23,260.65 अंक पर था।
सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर नीचे चल रहे हैं। फिलहाल एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, इंफोसिस, महिंद्र एंड महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक ने बाजार पर सबसे अधिक दबाव बनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित