भोपाल , फरवरी 18 -- मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र के तीसरे दिन प्रदेश सरकार द्वारा लिए जा रहे भारी कर्ज के विरोध में कांग्रेस विधायकदल ने जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष हाथों में खाली गुल्लक और नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे तथा सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है, जबकि राज्य पर कुल कर्ज बजट से भी अधिक हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश पर पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लाद दिया गया है, जिससे हर वर्ग प्रभावित हो रहा है।

श्री सिंघार ने कहा कि यह गुल्लक नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की तिजोरी का प्रतीक है, जिसे सरकार खाली कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई और कर्ज के बोझ से आम आदमी की कमर टूट चुकी है।

उन्होंने यह भी कहा कि बजट सत्र से पहले 5,600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज लिया जाना चिंताजनक है और सरकार विकास के नाम पर भ्रम फैला रही है। आर्थिक सर्वेक्षण को उन्होंने वास्तविकता से दूर बताते हुए कहा कि प्रति व्यक्ति मासिक आय 15 से 20 हजार रुपये दर्शाना जमीनी स्थिति से मेल नहीं खाता। नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की वास्तविक आर्थिक स्थिति सार्वजनिक करने तथा बढ़ते कर्ज पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित