दावोस , जनवरी 21 -- इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि मजबूत आर्थिक बुनियाद के कारण अगले पांच सालों में भारत की वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद दर (जीडीपी) 6-8 प्रतिशत से बढ़ेगी जबकि नॉमिनल जीडीपी (वर्तमान मूल्य पर) 10-13 प्रतिशत रहेगी।
श्री वैष्णव ने यहां विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की सालाना बैठक के मौके पर ईवाई के साथ मिलकर सीआईआई द्वारा आयोजित सत्र "बेट ऑन इंडिया-बैंक ऑन द फ्यूचर" में कहा कि टेलीकॉम टावर लगाने का औसत समय 270 दिन से घटाकर सात दिन कर दिया गया है, जिसमें 89 प्रतिशत अनुमतियां अब तुरंत मिल जाती हैं। उन्होंने इरादे और अमल के बीच की खाई को पाटने की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए कहा कि राजनीतिक नेतृत्व को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि नौकरशाही नीति के उद्देश्यों के साथ तालमेल बिठाये।
श्री वैष्णव ने उद्योग के भीतर चुनौतियों के बेहतर समन्वय के महत्व पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने अमेरिका और यूरोप में डेटा के स्थानीयकरण और नियमों के मानकीकरण की दिशा में किये जा रहे प्रयासों का ज़िक्र किया। उन्होंने भारत की एआई नीति पर कहा कि देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आर्किटेक्चर की सभी पांच परतों, यानी एप्लिकेशन, मॉडल, चिप्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी में क्षमताएं बना रहा है, ताकि एआई को लोकतांत्रिक बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित