नयी दिल्ली , अप्रैल 13 -- केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने सोमवार को उन्नत हाइब्रिड प्रणोदन तकनीक के विकास के लिए गुरुग्राम स्थित केसी एविएशन प्राइवेट लिमिटेड को समर्थन देने की घोषणा की है।

टीडीबी ने इस संबंध में "बूस्ट इलेक्ट्रिक जंप टेक-ऑफ (बीई-जेटीओ)" परियोजना के लिए कंपनी के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह परियोजना भारत-ब्रिटेन सहयोगात्मक अनुसंधान एवं विकास कार्यक्रम के तहत यूके की एआरसी एयरोसिस्टम लिमिटेड के साथ साझेदारी में संचालित की जाएगी।

परियोजना का उद्देश्य हाइब्रिड प्रणोदन आधारित जंप टेक-ऑफ प्रणाली विकसित करना है, जिससे मानव रहित और हल्के विमानों की क्षमता में सुधार हो सके। इस तकनीक के जरिए कम दूरी या लगभग वर्टिकल टेक-ऑफ संभव होगा, जिससे दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में संचालन आसान हो सकेगा।इस पहल के तहत रोटरक्राफ्ट प्रणोदन प्रणालियों के परीक्षण के लिए एक अत्याधुनिक परीक्षण सुविधा भी स्थापित की जाएगी। यह सुविधा उत्तर भारत में अपनी तरह की पहली होगी और ड्रोन व उन्नत एरियल मोबिलिटी पर काम कर रहे स्टार्टअप्स व डेवलपर्स को परीक्षण अवसंरचना उपलब्ध कराएगी। इस तकनीक का उपयोग क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा आपात सेवाएं, लॉजिस्टिक्स और निगरानी जैसे क्षेत्रों में किया जा सकेगा।

टीडीबी के सचिव राजेश कुमार पाठक ने कहा कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय सहयोग परियोजनाएं अत्याधुनिक तकनीकों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं और भारत की विमानन क्षमताओं को मजबूत करती हैं।

कंपनी के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस समर्थन से नई तकनीकों के परीक्षण और व्यावसायिक उपयोग को गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित