देहरादून , जुलाई 10 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को लोक भवन में भारत हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रेटेजिक मंच (भीष्म) "थिंक टैंक" के प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की। चर्चा में भूतपूर्व मुख्य रक्षा प्रमुख (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान सहित वरिष्ठ पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य से संबंधित समसामयिक मुद्दों पर सार्थक चर्चा की गई। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक चुनौतियों, सीमा प्रबंधन तथा बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। थिंक टैंक के वरिष्ठ पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने अपने अनुभवों और गहन अध्ययन के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों के साथ संवाद अत्यंत उपयोगी होता है तथा इससे नीतिगत दृष्टिकोण को व्यापकता मिलती है। उन्होंने थिंक टैंक के सदस्यों के अनुभव एवं ज्ञान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विमर्श देश की सुरक्षा तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह (सेवानिवृत्त), वाइस एडमिरल ए. जी. थपलियाल (सेवानिवृत्त), मेजर जनरल अभय कार्की (सेवानिवृत्त), ब्रिगेडियर संतोष नायर (सेवानिवृत्त), ब्रिगेडियर अनिल शर्मा (सेवानिवृत्त), एवीएम अरविंद वर्मा (सेवानिवृत्त), कर्नल आर.एस. सिद्धू (सेवानिवृत्त), राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण कार्यालय के ज्वाइंट चीफ हाइड्रोग्राफर कमोडोर जे. गुरुमणी, संजीव चोपड़ा, प्रो. दुर्गेश पंत, अमनप्रीत सिंह, डॉ. राज्य लक्ष्मी, रवि गड़ीराजू मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित