रांची , अक्टूबर 07 -- भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दूसरे मुकाबले के लिए दोनों टीमें बुधवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंची।

नौ अक्टूबर को रांची के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस मैच को लेकर राजधानी में क्रिकेट का रोमांच बढ़ गया है। बिरसा मुंडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट रांची पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी अलग-अलग बसों से होटल रेडिसन ब्लू के लिए रवाना हुए।

दोनों टीमों के आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर से लेकर होटल तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। खिलाड़ियों की बसों के आवागमन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच टीमों को एयरपोर्ट से होटल तक पहुंचाया गया।

पहले टी-20 मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। रांची में होने वाला दूसरा मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम माना जा रहा है। भारतीय टीम जहां जीत की लय बरकरार रखते हुए सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी, वहीं वेस्टइंडीज की टीम वापसी के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

दोनों टीमों के रांची पहुंचने की खबर मिलते ही क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट के आसपास मौजूद लोग खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखे। टीम बसों के बाहर निकलने के दौरान प्रशंसकों की नजरें खिलाड़ियों पर टिकी रहीं।

मैच को देखते हुए स्टेडियम और शहर में सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। खिलाड़ियों की आवाजाही के दौरान एयरपोर्ट और उसके आसपास विशेष सतर्कता बरती गई। वहीं, मैच के दिन बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रांची पहुंचने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी मैच से पहले कल अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे। जेएससीए स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है। पहले मैच में जीत के बाद भारतीय टीम घरेलू मैदान पर अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेगी जबकि वेस्टइंडीज की टीम सीरीज में वापसी के लिए पूरी ताकत लगाएगी।

दोनों टीमों के रांची पहुंचने के साथ ही मुकाबले का काउंटडाउन शुरू हो गया है। अब क्रिकेट प्रेमियों को नौ अक्टूबर को होने वाले इस रोमांचक मुकाबले का इंतजार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित