रांची , अक्टूबर 06 -- राजधानी रांची के झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
मैच के दौरान सबसे बड़ा फोकस दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही पर रहेगा। एयरपोर्ट से होटल और होटल से जेएससीए स्टेडियम तक खिलाड़ियों के लिए विशेष रूट तय किए गए हैं।
खिलाड़ियों के काफिले के गुजरने वाले मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस और जिला बल के जवान तैनात रहेंगे। काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ पूरे रूट की निगरानी की जाएगी।
मैच की सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को रांची पुलिस के वरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, एएसपी कोतवाली निखिल राय समेत कई डीएसपी और थाना प्रभारी शामिल हुए। ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में खिलाड़ियों की सुरक्षा, होटल, स्टेडियम, यातायात व्यवस्था और दर्शकों की निगरानी समेत सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा की गई।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मैच के दिन खिलाड़ियों के होटल से जेएससीए स्टेडियम पहुंचने के दौरान सुरक्षा और कड़ी की जाएगी। पूरे रूट पर निगरानी रहेगी और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि खिलाड़ियों के काफिले के रास्ते में किसी तरह की बाधा न आए। आवश्यकता पड़ने पर कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है।
मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के जेएससीए स्टेडियम पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए स्टेडियम के आसपास यातायात प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। पार्किंग, प्रवेश और निकास व्यवस्था के साथ मैच समाप्त होने के बाद एक साथ बाहर निकलने वाली भीड़ को नियंत्रित करने पर विशेष जोर रहेगा।
खिलाड़ियों के ठहरने वाले होटल की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है। होटल के आसपास आने-जाने वाले लोगों और गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। वहीं, स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच और दर्शकों की निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
रांची पुलिस ने थाना स्तर के अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने का निर्देश दिया है। शहर के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस का लक्ष्य मैच को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है। खिलाड़ियों के एयरपोर्ट से होटल और होटल से स्टेडियम तक के रूट, दर्शकों की आवाजाही और यातायात प्रबंधन को लेकर सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित