ईटानगर , जुलाई 30 -- अरूणाचल प्रदेश में म्यांमार के साथ सीमा पार व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के मकसद से पांगसाऊ दर्रे के इलाके में भारत-म्यांमार सीमा हाट को दोबारा शुरू किया गया है। इसके साथ ही दोनों पड़ोसी देशों के बीच प्रमुख व्यापारिक संपर्क फिर से बहाल हो गया है।

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुणाचल प्रदेश के व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री न्यातो दुकम ने क्षेत्र के आर्थिक विकास की गति को तेज करने में व्यापार और वाणिज्य की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा स्थानीय समुदायों, व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों सहित सभी हितधारकों से सीमा व्यापार को आजीविका का एक स्थायी स्रोत बनाने में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।

पांगसाऊ दर्रे के ऐतिहासिक और रणनीतिक महत्व पर जोर देते हुए श्री दुकम ने नामपोंग में एक प्रस्तावित लैंड पोर्ट बनाने के सरकार के दृष्टिकोण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे सीमा पार संपर्क मजबूत होगा, व्यापार को सुगमता मिलेगी और क्षेत्र में आर्थिक अवसरों में और वृद्धि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित