पटना , अक्टूबर 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को विरोध कानून और संविधान के दायरे में रह कर करना चाहिए।

श्री शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की बात करने वालों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह विरोध-प्रदर्शन के किन तरीकों का समर्थन करते हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने नेहा वोहरा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बांग्लादेश के जेन-जी आंदोलन से प्रेरणा मिलने की बात कही है। उन्होंने सवाल उठाया कि बांग्लादेश में हुए आंदोलन से आखिर किस तरह की प्रेरणा ली जा रही है, जहां हिंसा, लोगों की मौत, हिंदुओं पर हमले, आगजनी और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आई थीं।

श्री शर्मा ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक विरोध के नाम पर ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

भाजपा प्रवक्ता ने नेहा वोहरा की टी-शर्ट पर बने चित्रों और संदेशों का उल्लेख करते हुए भी सवाल उठाया कि इनके माध्यम से युवाओं को क्या संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र संविधान और कानून के अनुसार चलता है। राजनीतिक विरोध और असहमति लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन इनके नाम पर हिंसा या उपद्रव को उचित नहीं ठहराया जा सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित