नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत में लोकतंत्र की 75 वर्ष की यात्रा की सफलता का आधार हमारा लोकतंत्र है और ब्रिक्स देशों को वैश्विक दक्षिण के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

श्री बिरला ने संसद भवन परिसर स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत में ब्रिक्स सदस्य देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडलों की उपस्थिति और उनके साझा संकल्प सभी के लिए एक विशेष अनुभव होंगे। श्री बिरला 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच के अध्यक्ष हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस वर्ष ब्रिक्स संसदीय मंच के गठन के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस संगठन का तेजी से विस्तार हो रहा है और वैश्विक घटनाक्रम तथा अंतरराष्ट्रीय संबंधों को प्रभावित करने की इसकी क्षमता भी लगातार बढ़ रही है।

श्री बिरला ने कहा कि ब्रिक्स दुनिया की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है और इसके सदस्य देशों का विश्व के करीब एक-तिहाई भूभाग पर विस्तार है। उन्होंने वैश्विक दक्षिण के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए ब्रिक्स के सभी सदस्य देशों से मिलकर काम करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित