बेंगलुरु , फरवरी 23 -- अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेजन ने सोमवार को बेंगलुरु में एशिया में अपना दूसरा सबसे बड़ा ऑफिस कैंपस खोला, जो उसके वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्र और कारोबार परिचालन में भारत की बढ़ती भूमिका को प्रदर्शित करता है।
कंपनी ने कहा है कि वह भारत में 40 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश कर चुकी है और 2030 तक 35 अरब डॉलर का निवेश और करने की तैयारी में है। इस तरह विस्तार की दीर्घकालिक रणनीति के तहत भारत में उसका कुल नियोजित निवेश 75 अरब डॉलर तम पहुंच जाएगा।
बेंगलूर में अमेजन का नया परिसर केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 15 किलोमीटर दूर पांच एकड़ क्षेत्र में बनाया गया है। इस 12 मंजिले परिसर में काम के लिए 11 लाख वर्ग फुट जगह उपलब्ध है। इस केंद्र में ई-कॉमर्स, परिचालन , भुगतान प्रौद्योगिकी , प्रौद्योगिकी और बिक्री सेवाओं में काम करने वाले 7,000 से ज़्यादा कर्मचारी बैठेंगे।
इस कैंपस का उद्घाटन कर्नाटक के बड़े और मझोले उद्योग एवं अवसंरचना विकास मंत्री एमबी पाटिल ने किया। उन्होंने कहा कि अमेजन के निवेश में इस तरह लगातार वृद्धि वैश्विक प्रौद्योगिकी और नवाचार केंद्र के तौर पर भारत की उभरती शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी बड़ी परियोजनाओं से अच्छी नौकरियां मिलती हैं, स्थानीय परिस्थितिकी तंत्र मजबूत होता है और डिजिटल इकॉनमी को गति मिलती है।
अमेज़न इंडिया के कंट्री मैनेजर समीर कुमार ने कहा कि भारत कंपनी के लिए लंबे समय से प्राथमिकता बना हुआ है और बेंगलुरु उसकी भारत की व्यावसायिक यात्रा का केंद्र रहा है। उन्होंने लगातार सहयोग के लिए कर्नाटक सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अमेज़न भारत और दुनिया भर के अपने ग्राहकों को सेवा देने के लिए अवसरंचाना , प्रौद्योगिकीऔर प्रतिभावान मानव संसाधन में निवेश जारी रखेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित