नयी दिल्ली , नवंबर 25 -- सरकार ने अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि(यूएसटीआर) द्वारा भारत सहित विभिन्न देशों के विरुद्ध व्यापार के अनुचित तौर तरीकों को लेकर अमेरिकी व्यापार कानून के तहत कार्रवाई के संबंध में जारी ताजा निर्णयों पर कहा है कि देश में विनिर्माण के किसी क्षेत्र में जरूर से अधिक क्षमता नहीं है कि उसका उपयोग दूसरे देश के बाजार पर कब्जा करने के लिए किया जाए।

भारत ने यह भी कहा है कि उसने इस संबंध में अमेरिकी जांच के सिलसिले में जारी नोटिस के जवाब दे दिए थे।

वाणिज्य विभाग में अमेरिकी निर्णय के संबंध में बुधवार को देर रात जारी एक बयान में कहा है कि सरकार ने अमेरिकी व्यापार कानून की धारा 301 के तहत अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि द्वारा जारी 'निर्णय की सूचना' और 'टिप्पणी के अनुरोध' पर ध्यान दिया है। यह यूएसटीआर की धारा 301 के तहत की जा रही उस जांच से जुड़ा है, जिसमें भारत सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं के विनिर्माण क्षेत्रों में 'संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता' और उत्पादन से संबंधित कानूनों, नीतियों और तौर-तरीकों की समीक्षा की जा रही है। फिलहाल इस सूचना की जांच-परख की जा रही है।"वाणिज्य विभाग ने कहा है कि इस पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान भारत ने रचनात्मक रूप से सहयोग किया है। जांच शुरू होने की सूचना मिलने पर और उसके बाद की कार्रवाई में वाणिज्य विभाग ने स्पष्ट किया कि भारत के किसी भी क्षेत्र में 'संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता' नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित