नयी दिल्ली , जून 15 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्लोवाकिया की कंपनियों से भारत में उपलब्ध अवसरों का फायदा उठाकर विशेष रूप से अवसंरचना, रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल नवाचार, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्रों में निवेश करने का आह्वान किया है।

स्लोवाकिया की यात्रा पर गए श्री मोदी ने प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो के साथ मिलकर सोमवार को स्लोवाकिया की व्यापार एवं उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां के साथ संवाद किया। इनमें रेलवे, रक्षा, वाहन उद्योग, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल थे।

प्रधानमंत्री ने भारत और स्लोवाकिया के बीच बढ़ते व्यापार-से-व्यापार सहयोग की सराहना की। उन्होंने व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने तथा पारदर्शी, स्थिर और निवेशक-अनुकूल आर्थिक वातावरण विकसित करने के लिए हाल के वर्षों में भारत द्वारा शुरू किए गए प्रमुख सुधारों और नीतिगत पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत में बढ़ते अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारत में विशेष रूप से अवसंरचना, रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल नवाचार, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं।

उद्योग जगत की हस्तियों ने विकसित भारत की दिशा में भारत के सुधारों का स्वागत किया और भारत की आर्थिक प्रगति पर विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने उन्नत निवेश, प्रौद्योगिकी साझेदारी तथा भारतीय उद्यमों के साथ संयुक्त उपक्रमों के माध्यम से भारत में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने में रुचि व्यक्त की। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संपन्न होने का स्वागत करते हुए कहा कि इसके कार्यान्वयन से उनके लिए नए व्यापारिक अवसर खुलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित