दरभंगा , अप्रैल 10 -- बिहार में दरभंगा के सांसद और लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने डाकघरों के आधुनिकरण के लिए केंद्र की मोदी सरकार के 2026 के बजट में 25 हजार करोड़ से अधिक राशि के आवंटन को दूरदर्शी कदम बताते हुए शुक्रवार को कहा कि देश में आज 1.64 लाख डाकघर कार्यरत है,जो दुनिया का सबसे बड़ा नेटवर्क है, जिसमें 1.55 लाख से अधिक ग्रामीण डाकघरों को आधुनिक लॉजिस्टिक पार्क और फाइनेंशियल हब में बदलने की पहल शुरू कर दी गई है। संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रामनिवास पांडेय, डाक विभाग के उत्तर प्रक्षेत्र के प्रमुख पवन कुमार सिंह के साथ मिलकर सांसद गोपाल जी ठाकुर ने उत्तर प्रक्षेत्र का चौथा एन जेन डाकघर में किए गए आधुनिकरण कार्य का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
श्री ठाकुर ने इस डाकघर से सुकन्या समृद्धि योजना की योजना की शुरुआत करते हुए बच्चियों के लिए खोले गए खाते का पासबुक उनके परिजनों को सौंपा।
डाक अधीक्षक संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ.ठाकुर ने डाकघरों के लिए मोदी सरकार में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि आजादी के समय 1947 में जहां देश में केवल 2300 डाकघर कार्य कर रहे थे, वहीं आज 1.64 लाख डाकघरों की संख्या मोदी सरकार की उपलब्धियों को प्रमाणित करती है।
सांसद ने डाकघरों की उपयोगिता की जमकर सराहना करते हुए कहा कि देश स्तर पर 452 डाकघरों में पासपोर्ट सेवा केंद्र का संचालन किया जा रहा है,तथा आधारकार्ड से लेकर गंगाजल, महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों के प्रसाद के साथ साथ रेल टिकट भी डाकघरों से निर्गत की जाती है जो डाकघरो की उपयोगिता को साबित करता है।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. रामनिवास पांडेय, कुलसचिव ब्रजेश त्रिपाठी, उत्तरी क्षेत्र मुजफ्फरपुर के डाक महाध्यक्ष पवन कुमार सिंह, डाक प्रशिक्षण केंद्र, दरभंगा के निदेशक पंकज कुमार मिश्र मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित