नयी दिल्ली, 09 (वार्ता) भारत का हर उत्पाद-एक संभावना, हर उद्यमी-एक शक्ति,हर युवा-एक भविष्य,और हर भारतीय बाजार-एक वैश्विक अवसर के संदेश साथ यहाँ के भारत मंडपम में 12 अगस्त से 15 अगस्त तक भारत व्यापार महोत्सव का आयोजन होगा।

भारत की व्यापारिक शक्ति, उद्यमशीलता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प वाले चार दिवसीय इस महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 12 अगस्त को करेंगे। इसका संयुक्त आयोजन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट ) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ ) द्वारा किया जा रहा है।

आज भारत मंडपम में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री तथा दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल सहित कैट के देश भर के वरिष्ठ व्यापारी नेताओं ने भारत मंडपम में भूमि पूजन किया ।

इस अवसर पर श्री खंडेलवाल ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के भारतीय उत्पादों, पारंपरिक शिल्प, आधुनिक विनिर्माण, एमएसएमई , स्टार्टअप्स और ब्रांड्स के विशाल प्रदर्शन के साथ बीवीएम में कुछ ऐसे विशेष थीम पवेलियन होंगे, जो इसे सामान्य व्यापार मेलों से अलग पहचान देंगे।

उन्होंने बताया कि व्यापार महोत्सव में भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए ) पर आधारित विशेष पवेलियन व्यापारियों और उद्यमियों को यह बताएगा कि बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारतीय उत्पादों के लिए नए बाजार और निर्यात के अवसर कहाँ हैं।यह पवेलियन विशेष रूप से "लोकल टू ग्लोबल " के संकल्प को जमीन पर उतारने का माध्यम बनेगा।

श्री खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों की भारत की विकास यात्रा, आर्थिक परिवर्तन, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, स्टार्टअप इकोसिस्टम, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा तथा राष्ट्रीय गौरव से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

दिव्यांग उद्यमियों और प्रतिभाशाली व्यक्तियों के उत्पादों एवं उद्यमों के लिए विशेष एबिलिटी एक्सपो आयोजित किया जाएगा। इसका संदेश स्पष्ट होगा-"क्षमता किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती; अवसर मिले तो प्रतिभा अपनी पहचान स्वयं बनाती है।"महिला उद्यमियों, महिला उद्यम , कारीगरों और नवाचार करने वाली महिलाओं को विशेष मंच देते हुए "नारी वंदन पैविलियन " महिला शक्ति को आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने का अनूठा प्रयास होगा।

स्टार्ट हब पैविलियन- युवाओं के सपनों को स्टार्टअप की उड़ानइस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए उत्पादों के माध्यम से बीवीएम में भारत की विविधता, स्थानीय उत्पादन और क्षेत्रीय विशिष्टताओं का जीवंत प्रदर्शन होगा।

एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को बाजार और व्यापार के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाला यह क्षेत्र भारतीय उपभोक्ताओं को देश के अलग-अलग हिस्सों के उत्पादों से जोड़ने का अवसर देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित