बारां , जून 25 -- राजस्थान के बारां में ब्राह्मण कल्याण परिषद ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपकर बिहार के भोजपुर जिले में युवा सामाजिक कार्यकर्ता भारत भूषण तिवारी की कथित फर्जी मुठभेड़ में हुई मौत की उच्च स्तरीय जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 17 जून को बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बिलोटी गांव में पुलिस मुठभेड़ के दौरान युवा छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता भारत भूषण तिवारी की मौत हो गयी थी। परिषद का आरोप है कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बावजूद उसे गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश करने के बजाय गोली मार दी गयी।
परिषद के देहात अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने इस घटना को मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए इसे कथित फर्जी एनकाउंटर करार दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना से समाज में आक्रोश और शोक व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित