नयी दिल्ली , जुलाई 15 -- भारत और ब्रिटेन के बीच वृहत आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सेटा) लागू होने के साथ चुनिंदा ब्रिटिश उत्पादों का एक विशेष पैकेज ब्रिटिश एयरवेज़ की उड़ान से बुधवार को मुंबई स्थित ब्रिटिश उप उच्चायोग पहुंचा।
ब्रिटिश उच्चायोग के बयान के अनुसार, दक्षिण एशिया के लिए ब्रिटेन के व्यापार आयुक्त हरजिंदर कंग और भारत में ब्रिटिश एयरवेज़ के महाप्रबंधक डेविड राइट ने इस विशेष पैकेज का अनावरण किया। इसका उद्देश्य इस समझौते के तहत दोनों देशों के लिए खुलने वाले नये व्यापारिक अवसरों का प्रतीकात्मक स्वागत करना था।
इस पैकेज में ब्रिटेन से आयातित ऐसे उत्पाद शामिल थे, जिन पर अब शुल्क (टैरिफ) में कमी का लाभ मिलेगा। इनमें कॉस्मेटिक्स, खाद्य उत्पाद और मादक पेय पदार्थ शामिल हैं।
सेटा से दोनों देशों के बीच व्यापार को अभूतपूर्व गति मिलने की उम्मीद है। साल 2025 में भारत-ब्रिटेन का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 48 अरब पाउंड का था। अब दोनों देशों के उपभोक्ताओं को ब्रिटिश और भारतीय उत्पादों तथा सेवाओं तक सस्ती, तेज और अधिक आसान पहुंच मिलेगी।
दक्षिण एशिया के लिए ब्रिटेन के व्यापार आयुक्त एवं पश्चिमी भारत में ब्रिटिश उप उच्चायुक्त हरजिंदर कंग ने कहा, "यह भारत-ब्रिटेन साझेदारी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। इस महत्वपूर्ण व्यापार समझौते के लागू होने के अवसर पर आज सुबह भारत आने वाली शुरुआती ब्रिटिश उड़ानों में से एक के जरिये चुनिंदा ब्रिटिश उत्पादों का यहां पहुंचना बेहद उपयुक्त है। हमारा यह ऐतिहासिक समझौता पहले ही दिन से कारोबारियों और उपभोक्ताओं को सस्ता, तेज और सरल व्यापार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। हम सभी इसका पूरा लाभ उठाने को लेकर उत्साहित हैं।"भारत में ब्रिटिश एयरवेज़ के महाप्रबंधक डेविड राइट ने कहा, "भारत ब्रिटिश एयरवेज के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है और हमारे पास ब्रिटेन और भारत के लोगों, व्यवसायों तथा संस्कृतियों को जोड़ने का लंबा इतिहास रहा है। वर्तमान में हम हर सप्ताह 63 उड़ानों का संचालन कर रहे हैं, जो गर्मियों के अंत तक बढ़कर 70 हो जाएंगी। इस प्रकार हम दोनों देशों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित