नयी दिल्ली , अक्टूबर 17 -- भारत और ब्रिटेन की नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास 'कोंकण-26' ब्रिटेन के प्लायमाउथ तट के पास संपन्न हो गया।
रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 8 से 15 अक्टूबर तक चले इस अभ्यास में दोनों देशों की नौसेनाओं ने समुद्री युद्धाभ्यास, पनडुब्बी रोधी अभियान, संचार प्रक्रियाओं और हथियारों के परीक्षण सहित कई सैन्य गतिविधियों में हिस्सा लिया।
भारतीय नौसेना की ओर से स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस त्रिशूल और ब्रिटेन की रॉयल नेवी की ओर से ड्यूक श्रेणी का पनडुब्बी रोधी युद्धपोत एचएमएस सदरलैंड अभ्यास में शामिल हुआ। इसका संचालन ब्रिटेन की रॉयल नेवी के फ्लीट ऑपरेशनल स्टैंडर्ड्स एंड ट्रेनिंग (एफओएसटी) ने किया।
अभ्यास का समुद्री चरण 12 से 15 अक्टूबर तक चला। इस दौरान दोनों नौसेनाओं ने उन्नत समुद्री संचालन, संयुक्त सामरिक अभ्यास, संचार प्रक्रियाओं, सतही लक्ष्यों के खिलाफ असममित युद्ध, पनडुब्बी रोधी युद्ध और हथियारों का परीक्षण किया। ये गतिविधियां कई तरह के समुद्री खतरों वाले माहौल में की गयी।
अभ्यास के दौरान पेशेवर अनुभव और कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान से दोनों नौसेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया गया। इससे जटिल समुद्री परिस्थितियों में मिलकर अभियान चलाने की उनकी क्षमता को मजबूत करने में मदद मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित