चंडीगढ़ , मई 24 -- केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को कहा कि भारत अब बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुका है और दूसरे देशों को भी बिजली उपलब्ध कराने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि पहले देश और हरियाणा में बिजली संकट बना रहता थालेकिन आज अधिकांश गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध हो रही है।

करनाल दौरे के दौरान उन्होंने असंध विधानसभा क्षेत्र के गांव बालू, मंजूरा, औगंद, कतलाहेड़ी, जुंडला और पिचौलिया में लोगों का धन्यवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने गांवों में लाइब्रेरी, श्मशान घाटों के रास्ते, चारदीवारी, शेड और पेयजल व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि गरीब परिवारों की उन 500 छात्राओं को निशुल्क साइकिल दी जाएगी, जो नौवीं से बारहवीं कक्षा तक दूसरे गांवों के स्कूलों में पढ़ने जाती हैं। इसके लिए स्कूल प्राचार्यों से पात्र छात्राओं की सूची तैयार करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने की जरूरत है तथा जातिगत भेदभाव खत्म होना चाहिए। उन्होंने गांवों में अलग-अलग श्मशान घाटों की बजाय एक सामान्य आधुनिक शिवधाम बनाने की अपील की और इसके लिए सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित